Wednesday, 25 February 2015

मांझी की डुबी नाव, बिहार की नैया नीतीश के हाथ...


सत्ता की रस्साकशी खेल में कभी शह मिलती है तो कभी मात. कभी-कभी शह और मात दोनों मिल जाती है. इस खेल का असली माजरा राजनीति गलियारों में बखूबी से होती है. बिहार की राजनीति इस खेल से परे नहीं है. एक समय जीतन राम मांझी अपने को हनुमान और नीतीश कुमार को भगवान श्री राम कहते नही थकते थे. यहां तक की उनकी सारी सभाओं में नीतीश कुमार को अपना मार्गदर्शक बोलने में कतई परहेज नही करते थे. लेकिन राजनीति गलियारों से ऐसी आग की लौ उठी की उन्हें मुख्यमंत्री की सिंहासन को त्याग करना पड़ा.


तेजी से करवट लेती राजनीतिक की इस पृष्ठभूमि में अपने ही पार्टी दल में जीतन राम मांझी को बागी नेता के रुप में प्रख्यात होने और जद (एकी) के मुखिया के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद करने में भी समय नही लगा. जिसकी परिणति सिर्फ आठ माह बाद मांझी के इस्तीफे में हुई.

दरअसल, ये सब माजरा पिछली लोकसभा चुनाव में जद (एकी) की करारी हार के बाद 17 मई, 2014 को नीतीश कुमार ने अपने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और इस पद के लिए जीतन राम मांझी को चुना था. नीतीश के इस्तीफे के लिए अनिच्छा से सहमत हुए जद (एकी) विधायक दल ने मांझी से अगले विधानसभा चुनाव तक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा था जिसके बाद नीतीश उनसे यह दायित्व ले लेते.  

बिहार में एक पखवाड़े तक चली राजनीतिक उठापटक के बाद जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री पद से बहुमत दिखाने से पहले ही इस्तीफा दे दिया. बहुमत होता तो दिखाते भी. उनका समर्थन करने वाले सभी आठ मंत्री इनमें से सात जद (एकी) के और एक निर्दलीय विधायक है. मांझी ने दावा किया कि नीतीश कुमार के भय से जद (एकी) के 40 से 52 विधायक उनके पक्ष में नही हैं. उनकी एक तरह से किरकिरी ही हुई. 

अब, एक बार फिर राज्य की बागडोर जद (एकी) के नेता नीतीश कुमार के कंधों पर है. नीतीश कुमार पहली बार 3 से 10 मार्च, 2000 में मुख्यमंत्री रहे. उसके बाद 24 नवंबर, 2005 से 24 नवंबर, 2010 तक मुख्यमंत्री रहे. मुख्यमंत्री के रुप में उन्होंने तीसरी बार 26 नवंबर, 2010 को शपथ ली थी. 

गौरतलब यह है कि जीतन राम मांझी मुख्यमंत्री के तौर पर रबर-स्टैंप की तरह काम किया. उन्हें नीतीश कुमार के निर्देशों को अनुसरण करना पड़ता था. यहां तक की किसी आलाअधिकारियों के तबादले की या पदस्थापना के सूची पर वे अपना सिर्फ हस्ताक्षर करते थे. इसे यूं समझे तो नीतीश कुमार की बिछी हुई अपनी बिसात पर जीतन राम मांझी को सिर्फ एक पायदे के तौर पर नियुक्त किया गया था. 

हां, अगर जीतन राम मांझी सियासी तौर पर अपने साथ हुए सलूक को अगर मुसहर जात और तमाम दलितों के अपमान का मुद्दा बना पाएं तो बेशक आगामी विधानसभा चुनाव में फायदा उठा सकते हैं. मांझी ने एक बड़ा काम जरुर कर दिया. नीतीश कुमार ने शुरु में पासवान जाति को छोड़कर बिहार में दलितों की 22 में से 18 और फिर 3 और जातियों को भी महादलित घोषित किया था. मांझी ने इसका दायरा बढ़ाया, पासवान समेत सूबे के सभी दलितों को महादलित घोषित कर दिया. संविधान में इसके लिए अनुसूचित जाति और जनजाति जैसे शब्द हैं. दलित और महादलित तो सियासी शब्द जो ठहरे. 

नीतीश ने सियासी दांव खेला था तो भला उनके एक दौर के सबसे भरोसेमंद जीतनराम मांझी भी सियासी पैंतरे बाजी क्यों न दिखाते? बिहार में नवंबर से पहले विधानसभा चुनाव होना हैं. यह देखना दिलचस्प होगा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगे कौन सा सियासी पैंतरा अपनाते हैं. 

No comments:

Post a Comment